लद्दाख के सियाचीन में हिमस्खलन की चपेट में आने से दो जवान शहीद हो गये। घटना सब सेक्टर हनीफ की है। हिमस्खलन में शहीद हुए दोनों जवान पंजाब रेजिमेंट के जवान थे। हिमस्खलन में कई जवान और पोर्टर फंस गये थे। सभी जवानों को बचा लिया गया लेकिन दो जवानों को रेस्क्यू नही कर पाये जिसके चलते वे शहीद हो गये। शहीद जवान 21 पंजाब रेजिमेंट के सिपाही थे। एक का नाम प्रभजीत सिंह और दूसरे का नाम अमरदीप सिंह था।
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टेन अमरिंदर सिंह ने कहा कि दोनों शहीदों के परिजनों को 50-50 लाख रुपयों की आर्थिक साहयता दी जाएगी। साथ साथ परिवार के किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाएगी। दरअसल रविवार दोपहर करीब एक बजे हिमस्खलन हुआ था। इसमें कई जवान और पोर्टर फंस गये थे।
सेना की रेस्क्यू टीम को घटना की सूचना मिलते ही वह तुरंत बचाव कार्य के लिये घटनास्थल पर पहुंच गये। दो जवानों को छोड़कर सभी फंसे जवानों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। शाम करीब 7:30 बजे दोनों जवानों को बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक बहुत देर हो गयी थी। गंभीर चोंटे लगने के कारण दोनों जवानों ने दम तोड़ दिया।
शहीद जवानों के गगर मातम छा गया है। सभी का रो-रो कर बुरा हाल है। बता दें, सिपाही अमरदीप सिंह बरनाला के करमगढ़ गाँव के रहने वाले थे। उनके परिवार में केवल उनकी एक छोटी बहन और पिता है। तो वहीं सिपाही प्रभजीत सिंह के परिवार में भी उनके माता पिता और एक बड़ा भाई है। प्रभजीत सिंह मानसा जिले के हाकमवाला के निवासी थे। दोनों शहीदों का शव 27 अप्रैल को उनके पैतृक गाँव पहुंच जायेगा।