उत्तराखंड के ऋषिकेश श्रीनगर हाईवे में एक वाहन के ऊपर पहाड़ से एक बड़ा पत्थर गिर गया। दरअसल एक मैक्स वाहन श्रीनगर से ऋषिकेश जा रहा था। इसी बीच कौड़ियाला के पास पहाड़ से एक भारी भरकम पत्थर वाहन पर गिर गया। घटना में ड्राइवर समेत कुल 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। 108 एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को ऋषिकेश अस्पताल में भेज दिया गया।
बुधवार की दोपहर एक मैक्स वाहन श्रीनगर से ऋषिकेश के लिये रवाना हुआ था। शाम करीब 4 बजे कौड़ियाला इलाके के पास वाहन के ऊपर एक बड़ा सा पत्थर गिर गया। घटना में वाहन का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ में अन्य एक और व्यक्ति भी घायल हुआ।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस वहां पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर वाहन से पत्थर को हटाया। घायलों को एम्बुलैंस की मदद से राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश में भेजा गया। घायलों में टिहरी गढ़वाल निवासी पुरन सिंह और हरिद्वार निवासी मनोज शामिल है।