देहरादून–बहुत से राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिताओं में पदक हासिल करने वाली निशानेबाज दिव्यांग शूटर दिलराज कौर आज देहरादून में अपने जीवनयापन के लिए नमकीन और बिस्किट बेच रही है। इस काम को करने के लिए वह मजबूर है। पिछले 15-16 सालों तक उन्होंने तीन कांस्य, आठ रजत और 24 स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम ऊंचा किया है। इसके साथ ही उत्तराखंड स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में भी उन्होंने चार स्वर्ण पदक जीते और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता एक रजत पदक जीता है।
देहरादून में रहने वाली यह अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दिलराज कौर सोमवार को गांधी पार्क के बाहर पाई गई। साथ ही वह अपने जीवनयापन के लिए संघर्ष करते हुए नजर आई। देश का मान बढ़ाने वाली इन शूटर की मदद के लिए अभी तक सरकार आगे नहीं आ पाई। इसीलिए उन्होंने खुद से ही एक नमकीन-बिस्किट की अस्थायी दुकान खोल उसे चलाने का फैसला कर लिया।दिलराज ने सिस्टम पर तंज कस, कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि आत्मनिर्भर बनो। मैं नमकीन-बिस्किट बेचकर आत्मनिर्भर बनने का प्रयास कर रही हूं।
उनकी इस अस्थाई दुकान को तीन-चार महीने हो गए थे। पहले उन्होंने यह दुकान अपने घर के आसपास लगाई लेकिन वहां ज्यादा बिक्री न हुई। लोगों ने उन्हे भीड़ वाले क्षेत्र में दुकान लगाने का सुझाव दिया। इसके बाद उन्होंने गांधी पार्क के बाहर काम शुरू करने का फैसला लिया। इस विषय में चर्चा करते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय सह मिडिया प्रभारी नेहा जोशी और महानगर के अध्यक्ष अंशुल चावला ने पैरा वुमन अन्तर्राष्ट्रीय शूटर दिलराज कौर की परेशानी जानी और उनकी समस्याओं को जल्द ही सुलझाने का आश्वासन दिलाया।
इसके बाद उन सभी ने इस विषय पर चर्चा करने के लिए खेल मंत्री अरविंद पांडेय से मुलाकात के लिए समय लिया। साथ ही पूरा युवा मोर्चा उनके साथ खड़ा है। वे सभी इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान चाहते है। साथ ही महानगर अध्यक्ष युवा मोर्चा अंशुल चावला जी ने बताया कि उन्होंने आज ही समाचार पत्रों के माध्यम से दिलराज कौर से उनकी परेशानियां जानी। साथ ही उन्होंने खेल मंत्री अरविंद पांडे जी से भी विचार किया और उन्होंने जल्द इसका निराकरण कराने के लिए भी कहा। इस मोर्चे पर सह सोशल मीडिया प्रभारी तरुण जैन, महानगर मीडिया प्रभारी अक्षय जैन, महानगर, प्रदेश प्रवक्ता आशीष रावत, महानगर महामंत्री शंकर रावत जैसे कई कार्यकर्ता वहां मौजूद रहे।