दिल्ली के समयपुर बदली इलाके में एक फैक्ट्री कर्मचारी के पैर में गोली मारकर दो बदमाश 1.65 रूपए लेकर फरार हो गए। घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है। घायल कर्मचारी का नाम चंदन गुप्ता है। फिलहाल उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद से आरोपियों की खोजबीन कर रही है।
घायल कर्मचारी चंदन पंजाबी बाग इलाके में अपने पूरे परिवार के साथ एक क्वार्टर में रहते हैं। वह पीतमपुरा इलाके के लिबासपुर मोहल्ले में स्थित एक फैक्टरी में काम करते हैं। शुक्रवार को वह मालिक के कहने पर अन्य कर्मचारियों की सैलरी देने के लिए जा रहे थे। वह फैक्टरी के काम से अक्सर कैश और चेक लेकर इधर उधर जाते रहते हैं। घटना वाले दिन चांदनी चौक में राम पूर्णिमा नाम के शख्स से उन्होंने एक लाख रुपए लिए।
कुल मिलकर 1.65 लाख रुपए जमा कर एक बैग में डालकर वह फैक्ट्री पहुंचे। जैसे ही उन्होंने फैक्टरी के गेट के पास अपनी स्कूटी खड़ी की। तभी दो बदमाशों ने बाइक पर आकर उनके पैर पर गोली चला दी। जिसके कारण वह गिर गए। फिर बदमाशों ने पैसों से भरा बैग उठाया और वहां से फरार हो गए। गोली की आवाज़ सुनकर फैक्ट्री के अन्य कर्मचारी वहां आ पहुंचे।
खून से लथपथ चंदन गुप्ता को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि उन्हें फिर वहां से ईएसआई अस्पताल में रेफर कर दिया गया। मामले की सूचना पुलिस को मिलने पर वे घटनास्थल पहुंचे। पुलिस को वहां से कारतूस का खोल भी मिला। पुलिस के अधिकारियों के अनुसार आरोपी शुरू से ही पीड़ित का पीछा कर रहे थे। या फिर हो सकता है कि इसके पीछे किसी जानकर का हाथ हो।