बुधवार सुबह सुबह महाराष्ट्र के थाने जिले में एक प्राइवेट अस्पताल में आग लग गयी। अस्पताल का नाम प्राइम क्रिटिकेयर अस्पताल है। यह मुम्बई के थाने जिले में स्थित एक नॉन कोविड अस्पताल है। जब अस्पताल में आग लगी थी आईसीयू वार्ड में 6 मरीज भर्ती थे। थाने नगर निगम के डिप्टी म्यूनिसिपल कमिश्नर संदीप मालवी ने कहा कि मरीजों की मृत्यु तब हुई जब आग लगने के बाद उन्हें दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया।
थाने नगर निगम RDMC के चीफ संतोष कदम ने भी पुष्टि की कि मरीजों की मृत्यु पास के दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करने के बाद हुई। दरअसल बुधवार सुबह 3:40 बजे आग लगी। आग लगने के तुरंत बाद दो फायर इंजन, दो पानी के टैंक, 5 एम्बुलैंस और एक रेस्क्यू गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची।
अस्पताल में भर्ती सभी 20 मरीजों को आसपास के एक अस्पताल में पहुंचाया गया। भर्ती कराने के दौरान सभी मरीज जीवित थे। लेकिन उसके बाद उनमें से 4 मरीजों की मौत हो गयी। आग लगने के मुख्य कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। लेकिन बताया जा रहा है कि अस्पताल के मीटर रूम में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी। आग लगने का असली कारण विस्तृत जांच के बाद ही पता चल पाएगा।