गाजियाबाद के विजयनगर क्षेत्र से एक 14 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दरअसल 21 जुलाई को एक पीड़ित लड़की नेहरू नगर में कोचिंग पढ़ने गई हुई थी। वह अभी 9वीं की छात्रा है। इस दौरान कोचिंग खत्म होने के कई घंटों बाद भी जब लड़की घर नहीं आई तो परिजन चिंतित हो उठे।
परिजनों ने लड़की को ढूंढने की बहुत कोशिश की लेकिन वह कहीं नहीं मिली। इसके बाद पीड़िता के पिता ने सिहानी गेट थाने में बेटी की लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई। उन्होंने आशंका जताई कि लड़की का अपहरण हुआ है। अगले दिन 22 जुलाई को पीड़ित लड़की को पुलिस ने बरामद कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि नवनीत नामक उसका जानकार बहला फुसलाकर उसे नंदग्राम में अपने दोस्त नितिन के घर ले गया। आरोपी नवनीत लाल कुआं का निवासी है।
पीड़िता ने आगे कहा कि नवनीत ने उसे जबदस्ती शराब पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान नितिन भी वहां पर मौजूद था। सिहानी गेट एसएचओ कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों को नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। पॉस्को एक्ट की धाराओं के तहत दोनों आरोपियों को पुलिस ने जेल में भेज दिया है।