उत्तरप्रदेश के महोबा में शादी को लेकर एक अजीबो गरीब मामला सामने आ रहा है। यहां एक शादी में दूल्हा दुल्हन ने 6 फेरे ले लिए थे। लेकिन जैसे ही सातवें फेरे की बारी आयी, दुल्हन ने शादी करने से इंकार कर दिया। वजह पूछने पर दुल्हन ने बताया कि उसे दूल्हा पसंद नहीं है। इसलिए वह यह शादी नहीं करेगी।
दरअसल गुरुवार को मुढ़ारी गांव से बारात महोबा आई थी।जयमाला की रस्म भी अच्छे से पूरी हो गई थी। इसके बाद सभी रिश्तेदारों ने दूल्हा दुल्हन के साथ फोटो भी खिचवाईं। अब बारी थी फेरों की। पंडित जी के मंत्रोच्चार के बीच दूल्हा दुल्हन ने फेरे लेने शुरू किए। 6 फेरे पूरे हो गए थे। लेकिन सातवां फेरा शुरू होने से पहले दुल्हन रुक गई। परिजनों ने दुल्हन से रुकने का कारण पूछा तो उसने कहा कि वह यह शादी नहीं करना चाहती और फिर वह गांठ खोलकर अपने कमरे में चली गई।
दुल्हन के माता पिता दुल्हन से मिलने उसके कमरे में गए। वहां उन्होंने अचानक बीच फेरे छोड़कर कमरे में आने का कारण पूछा। तब दुल्हन ने कहा कि उसे दूल्हा पसंद नहीं है। दोनों पक्षों के लोगों ने दुल्हन को खूब समझाया लेकिन वह शादी करने के लिए राजी नहीं हुई। फिर आधी रात को मामला सुलझाने के लिए गांव के पूर्व प्रधान उमाशंकर मिश्रा के घर पंचायत शुरू हुई। वहां भी दुल्हन को खूब समझाने की कोशिश की गई लेकिन वह नहीं मानी। फिर दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ और भारी मन से बारात बेरंग लौट गई।