उत्तरप्रदेश के नोएडा में सुबह सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया। घटना नोएडा के सेक्टर 24 थाना क्षेत्र की है। यहां सुबह सुबह वाहन चैकिंग के दौरान बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान एक बदमाश घायल हो गया। उसे पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। बदमाश के पास से पुलिस ने हथियार भी बरामद किया है।
दरअसल सोमवार की सुबह 33A आरटीओ ऑफिस के पीछे नाले के पास पुलिस वाहनों की चैकिंग कर रही थी। इस दौरान दो स्कूटी सवार बदमाश भी वहां से गुजर रहे थे। पुलिस ने दोनों को रुकने का इशारा किया लेकिन बदमाशों ने रुकने की बजाय पुलिस पर गोली चला दी। और फिर वे भागने लगे।
जवाबी कार्यवाही करते हुए पुलिस ने सुभाष नेगी नाम के एक बदमाश को पैर पर गोली मारकर घायल कर दिया। आरोपी बदमाश सुभाष नेगी गाज़ियाबाद के खोड़ा कॉलोनी का निवासी है। उसके उपर लूटपाट और चोरी के एक दर्जन से भी ज्यादा मामले दर्ज है। पुलिस ने बदमाश के पास से दो जिंदा कारतूस समेत स्कूटी भी बरामद किया।