कर्नाटक के विजयपुरा से एक दिल खुश करने वाली खबर सामने आ रही है। यहां 10 साल तक एक हिन्दू लड़की को पालने के बाद एक मुस्लिम व्यक्ति ने अब उसकी शादी एक हिन्दू लड़के से करा दी है। पूरी वैदिक परंपराओं के साथ यह शादी संपन्न हुई। हिन्दू लड़की का नाम पूजा है जबकि उसके मुस्लिम अभिभावक का नाम महबूब मसली बताया जा रहा है। शुक्रवार को पूरे हिन्दू रीति रिवाजों के साथ मसली ने पूजा की शादी एक हिन्दू लड़के से करवाई।
दरअसल 10 साल पहले पूजा के माता पिता की मौत हो गई थी। जिसके बाद उसके रिश्तेदारों ने उसे पालने से इंकार कर दिया था। हालांकि मसली ने 2 बेटी और 2 बेटे होने के बावजूद पूजा को पालने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि “यह मेरी जिम्मेदारी थी कि उसे घर लाने के बाद मैं उसकी शादी उसके धर्म के रीति रिवाजों के साथ करवाऊं। मैंने कभी भी पूजा पर इस्लाम धर्म अपनाने या किसी मुस्लिम व्यक्ति से शादी करने का दबाव नहीं बनाया। यह इस्लाम के सिद्धांतों के विरुद्ध है।”
जिस हिन्दू परिवार ने पूजा को बहू के रूप में स्वीकार किया है। उन्होंने भी दहेज लिए बिना अपने लड़के की शदी पूजा से करवाई। उन्होंने संदेश दिया कि दो समुदायों के बीच हमेशा सदभाव रहना चाहिए। पूजा ने भी कहा कि वह काफी धन्य है कि उसे महबूब मसली जैसे माता पिता मिले। उन्होंने बड़े दिल से पूजा की देखभाल की।
READ ALSO: मौसी को बदनाम करने के लिए भांजे ने उठाया यह कदम, फोन में लोग करने लगे अश्लील बाते….